कोरबा/पाली (समाचार मित्र) विकासखंड स्तरीय शासकीय अस्पताल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाली में स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लेने नगर की पार्षद एवं स्वास्थ्य विभाग की सभापति श्रीमती दीप्ति दीपक शर्मा ने आज आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाएं जैसे साफ सफाई,डाक्टर की उपलब्धता,आवश्यक दवाईओ की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली साथ ही उपलब्ध व्यवस्थाओं से संतोष जताते हुए कहा कि पहले की अपेक्षा व्यवस्थाएं काफी सुधरी हैं,किंतु कुछ व्यवस्थाओं को लेकर बीएमओ को सुधार करने निर्देशित भी किया।

श्रीमती शर्मा ने ओपीडी, प्रसूति कक्ष, टीकाकरण केंद्र, दवा वितरण कक्ष और आपातकालीन वार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल में साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता और स्टाफ की समय पर उपस्थिति मिली। उन्होंने मरीजों से सीधा संवाद कर फीडबैक भी लिया।
जांच के दौरान एल्डरमैन रामबिलास जायसवाल ने बताया कि अब छोटी-छोटी बीमारियों के लिए जिला अस्पताल कोरबा या प्राइवेट अस्पताल नहीं जाना पड़ता। डॉक्टर समय पर मिलते हैं, निःशुल्क दवाएं मिल रही हैं और स्टाफ का व्यवहार सहयोगात्मक है।पाली के इस शासकीय अस्पताल में छोटी मोटी नहीं बल्कि बड़ी और गंभीर बीमारियों का भी उपचार हो रहा है एवं मरीज स्वास्थ्य लाभ ले रहे है, साथ ही दांत,हड्डी,महिला संबधित सभी बीमारियां,बच्चों से संबंधित बीमारियों सहित आंख का इलाज भी हो रहा है, अस्पताल में सुरक्षित संस्थागत प्रसव में अब कोई समस्या नहीं हो रही है।
बीएमओ डॉ. अनिल सराफ के नेतृत्व में बदली तस्वीर !
सभापति स्वास्थ्य विभाग श्रीमती दीप्ति दीपक शर्मा ने कहा कि विकासखंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल सराफ के पदभार संभालने के बाद से स्वास्थ्य महकमे में सकारात्मक बदलाव आया है। उनके द्वारा नियमित निरीक्षण, स्टाफ की उपस्थिति सुनिश्चित करने और ग्रामीण क्षेत्रों में आशा, एएनएम कार्यकर्ताओं के माध्यम से जागरूकता अभियान से संस्थागत प्रसव और टीकाकरण कवरेज में बढ़ोतरी हुई है।
निरीक्षण के दौरान जानकारी मिली कि वर्तमान में अस्पताल में 09 डॉक्टर, 1 महिला रोग विशेषज्ञ, 10 नर्स स्टाफ और 09 सफाई कर्मी उपलब्ध हैं, जिससे ओपीडी, प्रसूति और आपातकालीन सेवाएं सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं।
कमियां भी आई सामने !
हालांकि, निरीक्षण में दो कमियां भी सामने आईं। अस्पताल में सोनोग्राफी के लिए विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध नहीं है, जिससे गर्भवती महिलाओं को परेशानी होती है। साथ ही पार्किंग व्यवस्था अस्त-व्यस्त पाई गई एवं गार्ड नहीं होने से रात में इलाज के लिए आई महिलाओं सहित महिला स्टॉप को परेशानी होती है, जिस पर सभापति श्रीमती शर्मा ने बीएमओ डॉ. सराफ को पार्किंग व्यवस्था तत्काल दुरुस्त करने और सोनोग्राफी विशेषज्ञ के लिए उच्च अधिकारियों को प्रस्ताव भेजने के कहा ।

साथ ही सभापति श्रीमती शर्मा ने कहा कि अस्पताल प्रबंधन की सक्रियता से लोगों में शासन की स्वास्थ्य योजनाओं के प्रति विश्वास बढ़ा है। साथ ही सभापति श्रीमती दीप्ति शर्मा ने पाली बीएमओ अनिल सराफ को यह स्पष्ट किया कि क्षेत्र की जनता को किसी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए,उनकी हर संभव मदद हमारी जिम्मेदारी है साथ ही बीएमओ सहित समस्त स्टॉप की जवाबदारी हैं कि हम मरीज और उनके परिजनों के प्रति अपनी सहानुभूति रखे और उनसे उचित व्यवहार करें क्योंकि मरीजों की आदि बीमारी तो हमारे द्वारा किए गए व्यवहार से ही ठीक हो जाता है। इस निरीक्षण के दौरान नपं पार्षद श्रीमती ज्योति उईके,पार्षद सुनील साहू,दीपक शर्मा,नरेंद्र शर्मा,दीपक डिक्सेना आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।


