बिलासपुर (समाचार मित्र) थाना रतनपुर पुलिस ने घर में घुसकर गुल्लक से नगदी चोरी करने वाले 1 आरोपी और 1 नाबालिग को चंद घंटों में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के पैसों से खरीदे गए 2 मोबाइल जप्त किए गए हैं।
मामला इस प्रकार है –
ग्राम मदनपुर निवासी प्रार्थिया नीलम श्यामले ने थाना रतनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह दिनांक 06/08/2026 से 10/08/2026 के बीच घर पर नहीं थी। इसी दौरान अज्ञात चोर ने दरवाजे को धक्का देकर खोल दिया और घर में रखे गुल्लक में रखे लगभग 30 हजार रुपये चोरी कर ले गए।
रिपोर्ट पर थाना रतनपुर में अपराध पंजीबद्ध कर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देश पर थाना प्रभारी द्वारा मुखबिर तैनात कर पतासाजी शुरू की गई।
जांच के दौरान पड़ोस में रहने वाले दो युवकों पर संदेह हुआ। संदेही बगौरव श्यामले पिता मुरलीधर श्यामले उम्र 19 वर्ष, निवासी मदनपुर, थाना रतनपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने अपने एक नाबालिग साथी के साथ मिलकर चोरी करना कबूल किया।
आरोपियों ने बताया कि उन्होंने पड़ोसी के घर से गुल्लक चुराकर तोड़ा, उसमें रखे 33,000 रुपये आपस में बांट लिए, मोबाइल खरीदे और बाकी पैसे खर्च कर दिए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों से 2 नग मोबाइल जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
उक्त कार्यवाही में
थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक अनिल साहू, सउनि पवन सिंह, आरक्षक आकाश डोंगरे, देवानंद चंद्राकर, धनराज कुम्भकार का विशेष योगदान रहा।


