कोरबा (समाचार मित्र) जिले में नाबालिक किशोरों के तेज रफ्तार बाइक चलाने से कई किशोर मौत में मुंह में समा गए हैं। बीते रात्रि एक सड़क हादसे में घर का एक लौता चिराग बुझ ज्ञान। दर्री के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 16 वर्षीय किशोर मनीष गिरी गोस्वामी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में मनीष गंभीर रूप से घायल हो गया था। सिर में गंभीर चोट आने के बाद अस्पताल में उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मनीष अपने परिवार का इकलौता चिराग बताया जा रहा है।
नहर मार्ग पर हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के अनुसार, हादसा 3 सितंबर की रात रिटर्न केनाल (नहर मार्ग) पर वीआईपी गेस्ट हाउस के पास हुआ। दुर्घटना में शामिल दूसरी बाइक का नंबर CG 12 BT 7902 बताया गया है। इस बाइक पर डांडपारा, वार्ड क्रमांक 51 निवासी मनबोध धनुहार और राजाराम मंझवार सवार थे।
परिजनों के अनुसार, दोनों युवक कटघोरा से अपने घर लौट रहे थे। आरोप है कि बाइक सवार नशे की हालत में थे और लापरवाही से वाहन चलाते हुए सामने से आ रही मनीष की बाइक से टकरा गए। हादसे में मनीष को गंभीर चोटें आईं, जबकि दूसरी बाइक पर सवार दोनों लोगों को चोट नहीं आई।
सिर में गंभीर चोट, इलाज के दौरान मौत
टक्कर इतनी जोरदार थी कि मनीष सड़क पर दूर जा गिरा। उसके सिर में गंभीर चोट आई। हादसे के बाद राहगीरों की मदद से उसे तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उपचार का प्रयास किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण मनीष की मौत हो गई।
नवागांव कला में पसरा मातम
मनीष की मौत की खबर जैसे ही नवागांव कला (झाबु) पहुंची, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। कम उम्र में घर के इकलौते चिराग के बुझ जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
ग्रामीणों के बीच हादसे को लेकर आक्रोश और शोक का माहौल है। लोगों ने सड़क पर वाहन चलाते समय लापरवाही और नशे से बचने की अपील करते हुए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।
नोट: शराब के नशे में होने और दुर्घटना की जिम्मेदारी से संबंधित आरोपों की पुष्टि पुलिस की जांच और आधिकारिक रिपोर्ट के आधार पर ही होगी।


