बिलासपुर में अरपा पार नगर निगम की मांग पर छठवें दिन भी अनशन, आंदोलनकारियों का ऐलान, मांग पूरी होने तक नहीं हटेंगे !
बिलासपुर (समाचार मित्र) अरपा पार नगर निगम की मांग को लेकर आंदोलन अब लगातार गंभीर रूप लेता जा रहा है। रामसेतु, बिलासपुर में नागरिक सुरक्षा मंच के संस्थापक अमित तिवारी द्वारा 1 सितंबर से शुरू किया गया आमरण अनशन आज छठवें दिन भी जारी है। आंदोलनकारियों का कहना है कि अरपा पार नगर निगम बनाने को लेकर जो वादा किया गया था, उसे पूरा कराने की मांग को लेकर वे अनशन पर बैठे हैं।
आंदोलनकारियों के मुताबिक, लगातार छह दिनों से अनशन जारी रहने के बावजूद प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की ओर से इस दिशा में अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उनका कहना है कि अरपा पार क्षेत्र के विकास से जुड़ी इस मांग को अब केवल एक क्षेत्र की मांग के तौर पर नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के भविष्य और समग्र विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे के रूप में देखा जाना चाहिए।
नागरिक सुरक्षा मंच की ओर से जारी अपील में कहा गया है कि अरपा पार में नगर निगम बनने से क्षेत्र में बेहतर सड़कें, पुल और यातायात व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के नए अवसर, स्वच्छ, सुंदर और हरित क्षेत्र तथा समग्र विकास का रास्ता खुलेगा। मंच का कहना है कि समग्र विकास से अरपा पार को और अधिक समृद्ध बनाया जा सकेगा।
आंदोलनकारियों ने लोगों से भी इस आंदोलन में एकजुट होकर सहयोग करने और मंच पर पहुंचकर अपना हस्ताक्षर कर समर्थन देने की अपील की है। उनका कहना है कि यह आंदोलन अरपा पार के विकास की राह खोलने की मांग को लेकर किया जा रहा है।
वहीं, अनशन पर बैठे आंदोलनकारियों ने अपना रुख स्पष्ट करते हुए कहा है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं की जातीं, तब तक वे अनशन स्थल से नहीं उठेंगे। छह दिन से जारी अनशन के बावजूद समाधान नहीं निकलने से अब प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर आंदोलनकारियों की मांग पर गंभीरता से पहल करने की जिम्मेदारी बढ़ गई है।
देखिए वीडियो।


