रायपुर (समाचार मित्र) राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र में एक नवजात बच्चे का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मामला वार्ड नंबर 1 स्थित चुलमती भवन का है, जहां करीब एक दिन के नवजात बच्चे का शव मिला। घटना की जानकारी मिलते ही उरला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने नवजात के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेकाहारा अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत से जुड़ी स्थिति और स्पष्ट होने की संभावना है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नवजात को भवन में कौन और कब छोड़कर गया।
इसके साथ ही आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि नवजात की मौत पहले हुई थी या उसे वहां छोड़ने के बाद उसकी जान गई।
बच्चे की पहचान और परिजनों की तलाश
फिलहाल नवजात के माता-पिता या परिजनों के संबंध में कोई जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और बच्चे को भवन तक लाने वाले व्यक्ति की पहचान करने की कोशिश जारी है।


