बिलासपुर (समाचार मित्र) खपरगंज हिंसा में नया मोड़, वायरल वीडियो ने बढ़ाई हलचल रक्षाबंधन की रात हुई खपरगंज हिंसा के मामले में हर दिन नया मोड़ सामने आ रहा है। सोशल मीडिया पर लगातार नए-नए वीडियो सामने आने से पुलिस के दावों और आरोपियों के बयानों के बीच सच की तलाश और भी पेचीदा होती जा रही है।
मामला अब सिर्फ गिरफ्तारियों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि वायरल वीडियो के जरिए सामने आ रहे अलग-अलग दावों ने इसे एक नई दिशा दे दी है। पुलिस दोनों पक्षों से जुड़े अब तक 20 आरोपियों की गिरफ्तारी की बात कह चुकी है। इसी बीच फरार आरोपी बताए जा रहे राम सिंह का एक वीडियो सामने आने के बाद मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
वीडियो में राम सिंह खुद को निर्दोष बताते हुए जल्द पुलिस के सामने सरेंडर करने की बात कहता नजर आ रहा है। साथ ही उसने अपनी सुरक्षा को लेकर आशंका भी जताई है। उसका दावा है कि धर्म के लिए आवाज उठाने की वजह से उसे आरोपी बनाया जा रहा है और उसे कथित तौर पर पुलिस व कुछ लोगों द्वारा निशाना बनाया जा रहा है।
हालांकि, वीडियो में किए गए इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि राम सिंह के दावों की सच्चाई क्या है? अगर वह खुद को निर्दोष मानता है और जल्द सरेंडर करने की बात कह रहा है, तो क्या वह पुलिस के सामने पेश होकर अपने पक्ष को स्पष्ट करेगा?
फिलहाल, पुलिस की जांच और सामने आ रहे वीडियो के बीच इस पूरे मामले की असली तस्वीर जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो पाएगी।


