रायपुर (समाचार मित्र) जन्माष्टमी के पावन अवसर पर इस बार रायपुर का थाना सिटी कोतवाली एक अनोखे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन का साक्षी बनेगा। कृष्ण मित्र फाउंडेशन और कोतवाली पुलिस स्टाफ के संयुक्त सहयोग से भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की ऐतिहासिक कथा को नाट्य रूपांतरण के जरिए जीवंत किया जाएगा। 4 सितंबर की मध्यरात्रि ठीक 12 बजे थाना परिसर स्थित बंदी गृह को मथुरा के कारागार का स्वरूप दिया जाएगा। मंचन के दौरान माता देवकी और वासुदेव को हथकड़ियों में बांधने से लेकर कंस की प्रभावशाली गर्जना तक का दृश्य श्रद्धालुओं को रोमांचित करेगा। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ ही कारागार के द्वार खुलने और पहरेदारों के बेसुध होने का दृश्य भी प्रस्तुत किया जाएगा। इसके बाद वासुदेव की भूमिका निभा रहे सुनील यादव भगवान कृष्ण को टोकरी में लेकर शेषनाग की छत्रछाया में सदर बाजार स्थित गोपाल मंदिर के लिए प्रस्थान करेंगे। आयोजन के 11वें वर्ष में कारागार को भव्य सजावट से संवारा गया है। श्रद्धालुओं के लिए 56 भोग, पंजीरी प्रसाद, महाआरती, भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण की विशेष व्यवस्था की गई है। फाउंडेशन अध्यक्ष माधव लाल यादव ने बताया कि आयोजन धार्मिक परंपरा और श्रद्धा के साथ भव्य रूप में संपन्न होगा।

