कोरबा (समाचार मित्र) राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत आयुर्विज्ञान कार्यक्रम के परिपालन में शासकीय माध्यमिक शाला भद्रापारा के 30 बच्चों को आरोग्य आयुष्मान मंदिर उतरदा का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को स्वास्थ्य, स्वच्छता और आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति के प्रति जागरूक करना रहा। भ्रमण के दौरान बच्चों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसके साथ ही औषधीय उद्यान का भ्रमण कराकर विभिन्न औषधीय पौधों एवं जड़ी-बूटियों की उपयोगिता और उनके स्वास्थ्य संबंधी महत्व की जानकारी दी गई। बच्चों को बदलते मौसम में होने वाली बीमारियों से बचाव, व्यक्तिगत स्वच्छता, साफ-सफाई और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम में आयुर्विज्ञान के ब्लॉक नोडल अधिकारी डॉ. विजय कंवर, डॉ. जी.आर. प्रभुवा, मधुलता यादव, स्नेहा महंत सहित पीएचसी उतरदा के समस्त स्टाफ ने सक्रिय योगदान दिया। स्वास्थ्य शिक्षा और आयुर्वेदिक ज्ञान से जुड़ा यह भ्रमण बच्चों के लिए सीख और जागरूकता का उपयोगी अनुभव बना।

