कोरबा (समाचार मित्र) श्री कृष्ण जन्माष्टमी एवं गणेश चतुर्थी के आगामी पर्व को देखते हुए करतला थाना प्रभारी गणेश यादव ने शांति समिति की बैठक आयोजित की। बैठक में पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रमुखों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
ग्राम पंचायत रामपुर के पंचायत भवन में हुई बैठक !
बैठक में पुलिस द्वारा ग्रामीणों से अपील की गई कि दोनों धार्मिक पर्वों को आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं। धार्मिक आयोजनों के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए सभी आयोजक एवं ग्रामीण आपसी सहयोग और समन्वय के साथ कार्य करें।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पर्व के दौरान जुलूस, पूजा-पंडाल एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रमों में निर्धारित नियमों का पालन किया जाए। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देते हुए संदिग्ध अथवा विवादित परिस्थितियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की समझाइश दी गई।
बैठक में उपस्थित ग्रामीणों एवं आयोजन समितियों ने भी शांतिपूर्ण ढंग से पर्व मनाने तथा पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने का आश्वासन दिया। थाना पुलिस ने सभी से अपील करते हुए कहा कि श्री कृष्ण जन्माष्टमी एवं गणेश चतुर्थी जैसे पर्व सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश देते हैं, इसलिए इन्हें मिल-जुलकर एवं आपसी सहयोग के साथ मनाया जाए।
इस अवसर पर करतला थाना प्रभारी गणेश यादव, अशोक कुमार चौहान, अश्वनी निरंकारी सहायक उपनिरीक्षक,अशोक कुमार चौहान, अटल दीक्षित, राजेश अग्रवाल, देवेन्द्र अग्रवाल रोशन साहू, नागेन्द्र सिंह ठाकुर, अशरफ खान, दिगम्बर चौहान, वसीम मोहम्मद, विजय कुमार राठिया सरपंच प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहें।

