परिवार न्यायालय के लिए न्यायाधीश की नियुक्ति, अब पारिवारिक मामलों के लिए कोरबा जिला मुख्यालय नहीं भटकना पड़ेगा ।
कोरबा/कटघोरा (समाचार मित्र) कटघोरा क्षेत्र के लोगों और अधिवक्ताओं के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। कटघोरा में परिवार न्यायालय (Family Court) की स्थापना का रास्ता अब साफ हो गया है। छत्तीसगढ़ शासन के विधि एवं विधायी कार्य विभाग द्वारा परिवार न्यायालय के लिए न्यायाधीश की नियुक्ति संबंधी आदेश जारी किया गया है। जिससे अब नियमित रूप से परिवार न्यायालय में न्यायाधीश उपस्थित रहेंगे।
जारी आदेश के अनुसार श्री लीलाधर सारथी जो कि वर्तमान में जिला एवं सत्र न्यायालय, कोरबा में SC/ST (P.A) एक्ट के न्यायाधीश है को कटघोरा परिवार न्यायालय के लिए न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति के साथ ही लंबे समय से चली आ रही कटघोरा में परिवार न्यायालय की मांग को महत्वपूर्ण सफलता मिली है।

तीन वर्षों से अधिवक्ता कर रहे थे मांग
कटघोरा में परिवार न्यायालय की स्थापना की मांग पिछले करीब तीन वर्षों से अधिवक्ताओं द्वारा लगातार की जा रही थी। अधिवक्ताओं का कहना था कि कटघोरा एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों को पारिवारिक विवादों से जुड़े मामलों की सुनवाई के लिए स्थाई न्यायाधीश की नियुक्ति नहीं होने से उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
अब परिवार न्यायालय के लिए न्यायाधीश की नियुक्ति होने से इस समस्या के दूर होने की उम्मीद बढ़ गई है।
इन मामलों में मिलेगी राहत
परिवार न्यायालय में सामान्यतः विवाह संबंधी विवाद, तलाक, भरण-पोषण, वैवाहिक अधिकार, बच्चों की अभिरक्षा एवं पारिवारिक विवादों से जुड़े मामलों की सुनवाई होती है। कटघोरा में न्यायालय शुरू होने के बाद क्षेत्र के पक्षकारों को ऐसे मामलों के लिए बार-बार कोरबा जिला मुख्यालय जाने की आवश्यकता कम हो जाएगी।
क्षेत्रवासियों को बड़ी सुविधा
कटघोरा में परिवार न्यायालय की स्थापना को न्यायिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। न्यायाधीश की नियुक्ति के आदेश के बाद अब न्यायालय के संचालन से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाओं के पूरा होने का इंतजार है।
कटघोरा के अधिवक्ताओं और क्षेत्रवासियों ने लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने पर इसे न्यायिक सुविधा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि बताया है।

