शराब के नशे में तेज बहाव के बीच नाला पार करने की कोशिश, पुलिस ने वाहन जब्त कर दर्ज किया मामला।
कोरबा (समाचार मित्र) शनिवार शाम हुई भारी बारिश के बाद दादर नाला उफान पर था। तेज बहाव और बढ़े जलस्तर के बावजूद एक स्कॉर्पियो सवार दो युवकों ने नाला पार करने का प्रयास किया। पानी के तेज बहाव में वाहन अनियंत्रित होकर नाले में फंस गया और देखते ही देखते आधे से अधिक पानी में डूब गया। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों की तत्परता से दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो में अंकित श्रीवास्तव और चंद्र कुमार कश्यप सवार थे। स्थानीय लोगों ने उन्हें उफनते नाले को पार करने से मना किया था, लेकिन दोनों ने वाहन से नाला पार करने का प्रयास किया। नाले के बीच पहुंचते ही तेज बहाव की चपेट में आने से स्कॉर्पियो अनियंत्रित हो गई।
घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद के लिए पहुंचकर दोनों युवकों को वाहन से बाहर निकाला। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और वाहन को बाहर निकलवाया।
अल्कोहल मीटर से जांच, नशे में होने की पुष्टि
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद दोनों युवकों का अल्कोहल मीटर से परीक्षण किया गया, जिसमें उनके नशे में होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने मामले में BNS की धारा 283 तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत कार्रवाई की है। शराब पीकर वाहन चलाने के मामले में MV Act की धारा 185 के तहत भी कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो जब्त की गई है।
पुलिस ने की अपील—उफनते नाले को पार करने का जोखिम न लें
कोरबा पुलिस ने बारिश के दौरान लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि तेज बारिश के बाद नाले और नदी का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। उफनते नाले या तेज बहाव वाले रास्ते को वाहन से पार करने की कोशिश जानलेवा साबित हो सकती है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान जलभराव और तेज बहाव वाले मार्गों पर अनावश्यक जोखिम न लें और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

