जांजगीर-चांपा( समाचार मित्र) जिले के बलौदा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम बालपुर में एक दर्दनाक हादसे में 4 वर्षीय मासूम की नहर में डूबने से मौत हो गई। मृतक बच्चे की पहचान निकेश गोंड, पिता रामेश्वर सिंह गोंड, उम्र 4 वर्ष, निवासी ग्राम बालपुर के रूप में हुई है। यह घटना आज दिनांक 29.8.26 की है नहर में बहने के बाद मासूम का शव सिवनी, बहेराडीह, कमरीद होते हुए सारागांव क्षेत्र के समीप ग्राम नकटी के पास नहर में मिला।
खेलते-खेलते नहर में गिरा मासूम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुछ छोटे बच्चे नहर के किनारे खेल रहे थे। इसी दौरान बच्चे नहर में केकड़ा पकड़ने के लिए गए, जहां अचानक निकेश नहर के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। घटना को देखकर साथ मौजूद दूसरा बच्चा काफी डर गया और उसने तत्काल किसी को इसकी जानकारी नहीं दी।
बताया गया कि जब बच्चों के माता-पिता खेत से वापस घर लौटे और करीब दोपहर 2 बजे अपने बच्चों की तलाश शुरू की, तब पता चला कि निकेश दूसरे बच्चे के साथ खेल रहा था। परिजनों द्वारा दूसरे बच्चे से जानकारी लेने पर काफी देर बाद उसने बताया कि खेलते समय निकेश नहर में बह गया था।
कई किलोमीटर बहने के बाद नकटी गांव के पास मिला शव

मासूम के नहर में बह जाने की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद बच्चे का शव नहर में बहते हुए सिवनी, बहेराडीह, कमरीद होते हुए सारागांव के समीप ग्राम नकटी के पास मिला। स्थानीय लोगों ने शव को नहर से बाहर निकाला और इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची सारागांव पुलिस
थाना प्रभारी राकेश कुमार सूर्यवंशी ने तुरंत लिया एक्शन
घटना की सूचना मिलते ही सारागांव पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। जांच के दौरान मृतक की पहचान बालपुर निवासी निकेश गौड़ के रूप में हुई। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए चांपा स्थित बिसाहूदास महंत चिकित्सालय की मर्चुरी में रखवाया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
इस दर्दनाक हादसे से बालपुर सहित आसपास के गांवों में शोक का माहौल है। वहीं घटना के प्रत्यक्षदर्शी दूसरे बच्चे के भी भयभीत और सहमे होने की जानकारी सामने आई है।

