कोरबा (समाचार मित्र) छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय बिलासपुर के माननीय मुख्य न्यायमूर्ति श्री रमेश सिन्हा ने आज व्यवहार न्यायालय, कटघोरा जिला कोरबा का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने न्यायालयीन व्यवस्थाओं, अधोसंरचना और परिसर में उपलब्ध सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिवक्ता संघ कटघोरा की ओर से मुख्य न्यायमूर्ति का आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। अधिवक्ताओं ने अपनी प्रमुख समस्याओं और मांगों को मुख्य न्यायमूर्ति के समक्ष रखा। इस पर माननीय मुख्य न्यायमूर्ति ने अधिवक्ता संघ की समस्याओं को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि उनकी मांगों पर विधिवत विचार कर उचित निराकरण किया जाएगा। अपने संबोधन में माननीय मुख्य न्यायमूर्ति श्री रमेश सिन्हा ने कहा कि अपने साढ़े तीन वर्षों के कार्यकाल के दौरान उन्होंने न्यायालयीन व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के साथ ही न्यायालयों की अधोसंरचना के विकास पर विशेष ध्यान दिया है। उन्होंने अधिवक्ताओं से आह्वान किया कि वे न्याय व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा पक्षकारों को समयबद्ध, सुलभ और सुगम न्याय दिलाने की दिशा में समर्पित भाव से कार्य करें। निरीक्षण के दौरान मुख्य न्यायमूर्ति ने व्यवहार न्यायालय कटघोरा के न्यायाधीशों की बैठक भी ली। बैठक में न्यायालय में लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण, न्यायिक कार्यों की प्रगति और न्यायिक व्यवस्थाओं को और अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य न्यायमूर्ति के इस दौरे को लेकर न्यायालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा। अधिवक्ताओं ने उम्मीद जताई कि उनके इस निरीक्षण के बाद कटघोरा न्यायालय की अधोसंरचना और सुविधाओं में और सुधार होगा।

