कोरबा (समाचार मित्र) जिले की बदहाल सड़कों को लेकर राजनीतिक और जनआक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है। जर्जर मार्गों के स्थायी पुनर्निर्माण और प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्यों में पारदर्शिता की मांग को लेकर पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष एवं राजीव युवा मितान क्लब के पूर्व जिला समन्वयक श्याम नारायण सोनी के नेतृत्व में नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शन में सैकड़ों की संख्या में युवा कांग्रेस, NSUI, आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता एवं आम नागरिक शामिल हुए। ज्ञापन में राजगामार-रिस्दी, बालको-कोरबा, कुसमुंडा-कोरबा और उरगा-कोरबा सहित कई प्रमुख सड़कों की खराब स्थिति का मुद्दा उठाया गया। सोनी ने कहा कि लगातार उठाई गई आवाज के बाद सड़क निर्माण के लिए 17 करोड़ रुपये से अधिक की बजट स्वीकृति सामने आई है, लेकिन बजट स्वीकृति के बाद असली परीक्षा अब निर्माण की गुणवत्ता और पारदर्शिता की है। उन्होंने स्वीकृत राशि, कार्यवार विवरण, सड़क की लंबाई-चौड़ाई-मोटाई, DPR/BOQ, SOR, निविदा, प्रति किलोमीटर लागत और जल निकासी व्यवस्था की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की। सोशल मीडिया व समाचार माध्यमों में प्रसारित आंकड़ों में कथित अंतर पर भी अधिकृत जानकारी जारी करने की मांग उठी। सोनी ने कहा कि “जनता को घोषणा नहीं, जमीन पर टिकाऊ सड़क और बजट का पूरा हिसाब चाहिए।” मांगें पूरी नहीं होने पर व्यापक आंदोलन की चेतावनी दी गई।

