कोरबा (समाचार मित्र) बारिश का पानी अपने खेत की ओर मोड़ने के लिए दो किसानों के बीच जमकर विवाद हो गया। पड़ोसी के खेत की मेंड़ काटने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की जान चली गई। मामला कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र के खैराबहार गांव में दो युवकों ने घर के आंगन में पहुंचकर अजय कुमार रोहिदास पर हमला कर दिया।
इस दौरान एक युवक ने भाले से उसके पेट और हाथ पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल अजय की उपचार के दौरान मौत हो गई।
मेंड़ काटकर पानी अपने खेत की ओर मोड़ लिया था
जानकी बाई रोहिदास के ससुर सत्यनारायण रोहिदास का खेत भारत सिंह कंवर के खेत से लगा हुआ है। धान की रोपाई के लिए पानी की जरूरत होने पर सत्यनारायण ने भारत सिंह के खेत की मेंड़ काटकर बारिश का पानी अपने खेत की ओर मोड़ लिया था। इसी बात को लेकर भारत सिंह नाराज था।
दीपका से काम करने के बाद घर लौटा था युवक
रात करीब नौ बजे भारत सिंह कंवर अपने साथी संजय कुमार कंवर के साथ जानकी बाई के घर पहुंचा। दोनों ने गाली-गलौज करते हुए मेंड़ काटने को लेकर सवाल किया। उस समय जानकी बाई के पति अजय कुमार घर पर थे। अजय ने बताया कि उसे इस संबंध में जानकारी नहीं है, क्योंकि वह दीपका से काम करने के बाद घर लौटा है।
भाले से अजय के पेट और हाथ पर वार कर दिया
इस जवाब के बाद विवाद बढ़ गया। दोनों युवकों ने अजय को जान से मारने की धमकी दी। संजय कुमार ने उसके साथ हाथापाई शुरू कर दी। इसी दौरान भारत सिंह ने भाले से अजय के पेट और हाथ पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल अजय को स्वजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
दोनों आरोपितों को कटघोरा जेल भेज दिया गया
वारदात के बाद दोनों युवक मौके से फरार हो गए। मामले की सूचना मिलने पर पाली पुलिस ने मृतक युवक की पत्नी जानकी बाई की शिकायत पर दोनों आरोपितों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को कटघोरा जेल भेज दिया गया।

