छत्तीसगढ़ (समाचार मित्र) शहर के सुभाष नगर इलाके में बुधवार को एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक की पहचान मोहन पैकरा के रूप में हुई है। घटना अंबिकापुर के गांधीनगर थाना क्षेत्र की है। युवक करीब 10 वर्षों से एक युवती के साथ किराए के मकान में रह रहा था।
जानकारी के अनुसार, घर में युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। वहीं, उसके साथ रह रही युवती भी गंभीर रूप से घायल मिली। उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस के मुताबिक, युवती ने बताया है कि युवक ने स्वयं को घायल किया था। इसके बाद युवक को खून से लथपथ देखकर उसने भी खुद को घायल कर लिया। हालांकि, पुलिस इस बयान की पुष्टि सहित पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
सूचना मिलने पर गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल से पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य जुटाए। फोरेंसिक टीम ने भी मौके का निरीक्षण किया है। युवक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

