कोरबा (समाचार मित्र) पीड़ित द्वारा थाने में लिखित शिकायत दिए जाने के 11 दिन बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया गया है। कार्रवाई नहीं होने से भयभीत पीड़ित ने अब पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामला कटघोरा थाना क्षेत्र के मौहापानी का है जहां मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है।
प्रार्थी भरतलाल यादव, पिता संतराम, निवासी भेलवाटिकरा, मोहल्ला मौहापानी, तहसील पाली ने 24 अगस्त 2026 को पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में बताया कि 12 अगस्त को दोपहर करीब 3 बजे वह देउरभांठा स्थित वश किराना दुकान सामान लेने जा रहा था। इसी दौरान गांव के ही निवासी बलराम सिंह कंवर ने उसे रास्ते में रोककर कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित के अनुसार आरोपी ने उसे धमकाते हुए कथित तौर पर कहा कि वह उसे काट देगा और थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने पर भी मारपीट करेगा। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने अपने समूह का हवाला देते हुए घर में घुसकर मारने की धमकी दी। पीड़ित ने दावा किया है कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है और घटना के दौरान आरोपी शराब के नशे में था।
घटना के तत्काल बाद पीड़ित ने डायल-112 को सूचना दी। हालांकि, पुलिस टीम के पहुंचने से पहले आरोपी मौके से फरार हो गया। इसके अगले दिन 13 अगस्त को पीड़ित ने कटघोरा थाने में लिखित शिकायत दी, लेकिन अब तक FIR दर्ज नहीं होने का आरोप लगाया है।
पीड़ित का कहना है कि पुलिस कार्रवाई नहीं होने से आरोपी का हौसला बढ़ गया है और वह लगातार गाली-गलौज एवं धमकी दे रहा है। भयभीत पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर आरोपी के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है। आवेदन में उसने आशंका जताई है कि समय रहते कार्रवाई नहीं होने पर उसके साथ कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है।
अब पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत पहुंचने के बाद यह देखना होगा कि पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई करती है और पीड़ित की शिकायत पर कब तक FIR दर्ज की जाती है।

