कोरबा (समाचार मित्र) ग्राम पंचायत तिलकेजा के पूर्व सरपंच के खिलाफ निर्माण कार्य की राशि में गड़बड़ी कर कार्य अधूरा छोड़ने का आरोप लगाते हुए कलेक्टर से शिकायत की गई है। शिकायतकर्ता जयकिशन पटेल ने मामले में आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, जिला खनिज न्यास संस्थान मद से ग्राम पंचायत तिलकेजा के प्राथमिक शाला कलमीभांठा में अहाता निर्माण कार्य के लिए 11.95 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी। आरोप है कि पूर्व सरपंच कुलसिंह कंवर द्वारा निर्माण कार्य के लिए दो किस्तों में 9 लाख 47 हजार 500 रुपये प्राप्त किए गए।
शिकायत में बताया गया है कि उक्त राशि में से 7 लाख 73 हजार 330 रुपये का ही कार्य कराया गया, जबकि शेष 1 लाख 74 हजार 170 रुपये की राशि का गबन कर निर्माण कार्य अधूरा छोड़ने का आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि प्राथमिक शाला कलमीभांठा मुख्य जिला मार्ग पर स्थित है और अहाता निर्माण अधूरा होने के कारण स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर खतरा बना हुआ है। साथ ही स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
मामले को लेकर कलेक्टर से मांग की गई है कि निर्माण कार्य की राशि की जांच कर शेष राशि की वसूली की जाए एवं उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाए।

