कोरबा (समाचार मित्र) सावन के अंतिम सोमवार को दोपहर हुई मूसलाधार बारिश ने कोरबा शहर के निचले इलाकों में आफत खड़ी कर दी। कुछ ही देर की तेज बारिश से पंडित रविशंकर शुक्ला नगर से पोड़ीबहार जाने वाला मार्ग पूरी तरह जलमग्न हो गया। सड़क पर घुटनों से ऊपर तक पानी भरने से मार्ग ने नदी का रूप ले लिया। इसी दौरान तेज बहाव के बीच एक मालवाहक वाहन भी फंस गया।
सड़क पर तेज बहाव, आवाजाही प्रभावित
बारिश के बाद सड़क पर पानी का बहाव इतना तेज था कि राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में काफी परेशानी हुई। सड़क पर पानी भरने से यातायात प्रभावित रहा। मालवाहक वाहन के तेज बहाव में फंसने के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति भी बन गई।
पोड़ीबहार के निचले इलाके में घरों में घुसा पानी
लगातार बारिश के चलते पोड़ीबहार के निचले मोहल्ले में नाले का पानी घरों में घुस गया। अचानक घरों में पानी भरने से रहवासियों में हड़कंप मच गया। कई लोगों को घरेलू सामान सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए मशक्कत करनी पड़ी।
वहीं, पास स्थित एक बिल्डिंग के निचले हिस्से में भी पानी भर गया। पानी का स्तर बढ़ता देख वहां रहने वाले लोगों ने मकान की ऊपरी मंजिल पर जाकर सुरक्षित स्थान लिया। कुछ देर तक पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
अति भारी बारिश की चेतावनी से बढ़ी चिंता
इधर, मौसम विभाग ने कोरबा समेत प्रदेश के कई जिलों में अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। लगातार बारिश के बीच शहर के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
सड़कों पर पानी भरने और नाले का पानी घरों तक पहुंचने की घटना ने शहर की जल निकासी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। रहवासियों ने जलभराव की समस्या से स्थायी राहत दिलाने के लिए बेहतर और प्रभावी जल निकासी व्यवस्था की मांग की है।

