कोरबा (समाचार मित्र) जिले में सड़को पर जगह-जगह इतने गहरे गड्ढे हो गए हैं कि वाहन चलाना किसी खतरे से कम नहीं है। कोरबा जिले के उरगा चौक के पास सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे अब ग्रामीणों और राहगीरों के लिए परेशानी ही नहीं, बल्कि दुर्घटना को खुला न्योता बन चुके हैं। सड़क की बदहाल हालत के बावजूद जिम्मेदार विभाग अब तक आंखें मूंदे बैठा है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर जगह-जगह इतने गहरे गड्ढे हो गए हैं कि वाहन चलाना किसी खतरे से कम नहीं है। खासकर दोपहिया वाहन चालक आए दिन इन गड्ढों के कारण परेशान होते हैं। कब कौन इन गड्ढों की वजह से दुर्घटना का शिकार हो जाए, इसका कोई भरोसा नहीं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि इसी मार्ग से नेता, मंत्री और बड़े अधिकारी भी गुजरते हैं, फिर भी सड़क की यह दुर्दशा उन्हें दिखाई क्यों नहीं देती? क्या जिम्मेदारों को किसी बड़े हादसे का इंतजार है?
ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार समस्या सामने आने के बावजूद सड़क की स्थिति सुधारने को लेकर गंभीर पहल नहीं की गई। जनता रोज परेशानी झेले और जिम्मेदार सिर्फ गुजरते रहें—आखिर कब तक?
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि उरगा चौक के पास सड़क का तत्काल निरीक्षण कर गड्ढों की मरम्मत कराई जाए। यदि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो किसी गंभीर दुर्घटना की जिम्मेदारी आखिर किसकी होगी?
अब देखना यह है कि प्रशासन इन गड्ढों को देखता है या फिर किसी हादसे के बाद ही उसकी नींद खुलेगी।

