कोरबा (समाचार मित्र) बारिश के मौसम में अधूरे मार्ग पर पानी और कीचड़ जमा होने से आवागमन मुश्किल हो गया है। इसका सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ रहा है। कोरबा जिले के पाली विकासखंड में सड़क निर्माण में लापरवाही का मामला सामने आया है। बोईदा से मुढालीडीह होते हुए घटवाई पारा मार्ग पर सड़क निर्माण कार्य शुरू किया गया, लेकिन करीब 600 मीटर सड़क को अधूरा छोड़ दिए जाने से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है।
बारिश के मौसम में अधूरे मार्ग पर पानी और कीचड़ जमा होने से आवागमन मुश्किल हो गया है। इसका सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ रहा है। बच्चों को स्कूल आने-जाने में कीचड़ और पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है, वहीं बुजुर्गों को भी इस मार्ग से आवाजाही करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण अधूरा होने के कारण बारिश के दिनों में मार्ग की स्थिति और खराब हो जाती है। दोपहिया वाहनों के साथ पैदल चलने वालों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसी से मांग की है कि अधूरे पड़े करीब 600 मीटर सड़क का निर्माण कार्य जल्द पूरा कराया जाए, ताकि स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और अन्य ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिल सके।
ग्रामीणों ने जताई नाराजगी: सड़क निर्माण शुरू होने के बाद अधूरा छोड़ दिए जाने से ग्रामीणों में नाराजगी है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सड़क का निर्माण पूरा नहीं किया गया तो बारिश के दौरान परेशानी और बढ़ सकती है।

