कोरबा /पोड़ी उपरोड़ा (समाचार मित्र) सरकारी अस्पताल में चिकित्सकों के समय पर नहीं पहुंचने से मरीजों को इलाज के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। दूर-दराज से पहुंचे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मामला पोड़ी उपरोड़ा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का है जहां मरीजों को सुबह 11:20 बजे तक भी ड्यूटी में कोई डॉक्टर अस्पताल पर नहीं मिले।
संपर्क बेअसर:
निर्धारित चिकित्सक डॉ. गजराज सिंह तंवर से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ।
इलाज से इनकार:
मौके पर मौजूद डॉ. अविनाश से मरीजों को देखने का अनुरोध किया गया, तो उन्होंने नाइट ड्यूटी का हवाला देकर मना कर दिया।
बढ़ती परेशानियां:
लगातार बारिश और मौसमी बीमारियों के प्रकोप के बीच गरीब और जरूरतमंद मरीजों को इलाज के लिए भटकना पड़ा या मजबूरी में निजी अस्पतालों की शरण लेनी पड़ी।
स्वास्थ्य विभाग से जांच की मांग:
ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने विभाग के उच्च अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच और डॉक्टरों की समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करने की मांग की है।
अव्यवस्था पर उठते सवाल:
जब दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से गरीब मरीज सरकारी अस्पताल पहुंचते हैं, तो ड्यूटी डॉक्टर की गैरमौजूदगी में उन्हें समय पर इलाज कैसे मिलेगा?
प्रशासन की ढिलाई से ग्रामीणों में आक्रोश
पोड़ी उपरोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों की अनियमित उपस्थिति का यह कोई पहला मामला नहीं है। बारिश के मौसम में जहां मौसमी बीमारियों का खतरा चरम पर है, वहां इस तरह की लापरवाही आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर भारी पड़ रही है। अब देखना यह है कि स्वास्थ्य विभाग इस गंभीर मामले का संज्ञान लेकर दोषियों पर क्या कार्रवाई होगा।
