बिलासपुर (समाचार मित्र) बिलासपुर रेंज में बढ़ते साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और लंबित मामलों के त्वरित निराकरण को लेकर पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग ने 18 अगस्त 2026 को रेंज के साइबर थानों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक ली। पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय के मीटिंग हॉल में आयोजित बैठक में साइबर थानों के नोडल राजपत्रित अधिकारी (ASP/DSP), थाना प्रभारी और साइबर सेल प्रभारी शामिल हुए।
बैठक में साइबर पोर्टल पर दर्ज शिकायतों, FIR, बैंक होल्ड मामलों और साइबर अपराधियों के डिजिटल संसाधनों पर की जा रही कार्रवाई की बिंदुवार समीक्षा की गई। IG ने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का बिना देरी निराकरण करने और साइबर अपराध से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
IG ने स्पष्ट निर्देश दिए कि केवल साइबर थाने ही नहीं, बल्कि रेंज के सभी सामान्य थानों के लिए भी नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल पर प्रतिदिन लॉगिन करना अनिवार्य होगा। पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों को उसी दिन स्वीकार कर तत्काल वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
फर्जी SIM बेचने वाले POS एजेंटों पर FIR और गिरफ्तारी !
बैठक में फर्जी अथवा संदिग्ध SIM एक्टिवेट करने वाले POS एजेंटों के खिलाफ तत्काल FIR दर्ज कर गिरफ्तारी की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। पुलिस मुख्यालय से प्राप्त Mule Accounts की सूची के आधार पर भी तत्काल कार्रवाई कर अनुपालन रिपोर्ट भेजने को कहा गया।
ठगी की रकम पीड़ितों को जल्द लौटाने पर जोर !
साइबर ठगी के मामलों में बैंकों द्वारा होल्ड की गई राशि पीड़ितों को जल्द वापस दिलाने के लिए धारा 106 के तहत कोर्ट ऑर्डर की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।














































































































































