कोरबा/करतला (समाचार-मित्र) देशभर में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। इसी क्रम में करतला विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम पंचायत फरसवानी में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। ग्राम के डी.सी. चौक जिसे बीच गली भी कहते है में भी ध्वजारोहण कार्यक्रम रखा गया जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों, स्कूली बच्चों एवं गणमान्य नागरिकों ने हिस्सा लिया। सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारी रामकिशन साहू ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी।
फरसवानी में बीच गली में प्रत्येक वर्ष स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण किया जाता है। इस आयोजन में गांव के विभिन्न स्कूलों के बच्चे भी एकत्रित होते हैं। इस दौरान बच्चों में देशभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
ग्राम सेवा समिति ने होनहार छात्रों को किया सम्मानित !
स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर ग्राम सेवा समिति, फरसवानी द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय फरसवानी के बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। समिति की ओर से विद्यार्थियों को शील्ड, मेडल एवं पुरस्कार प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा में 92.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर लकेश्वर सोनवानी ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं 87.2 प्रतिशत के साथ बाबी सोनवानी ने द्वितीय तथा 83.3 प्रतिशत के साथ चाहत अनंत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इसी तरह कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में 93.8 प्रतिशत अंक के साथ गौतम सोनवानी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 88 प्रतिशत के साथ गरिमा राठौर ने द्वितीय तथा 87.5 प्रतिशत के साथ सुजल कुमार अनंत ने तृतीय स्थान हासिल किया। सभी मेधावी छात्र-छात्राओं को समारोह में सम्मानित किया गया।

छात्रों को लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने की दी प्रेरणा !
समारोह के दौरान ग्राम सेवा समिति फरसवानी के सदस्य, अधिवक्ता एवं वरिष्ठ पत्रकार निमेश कुमार राठौर ने सम्मानित छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता के लिए लक्ष्य निर्धारित करना और उसे हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार लक्ष्य तय कर नियमित रूप से पढ़ाई करने तथा अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रयासरत रहने की प्रेरणा दी। श्री राठौर ने अगले 15 अगस्त को 80 प्रतिशत के ज्यादा अंक पाने वाले सभी छात्रों को सम्मानित करने की घोषणा की है। इस दौरान समिति सदस्यों में वरिष्ठ नागरिक अयोध्या प्रसाद तिवारी, फिरंत पप्पू राठौर जनपद सदस्य, सरपंच श्रीमती ज्योति बियार, प्रहलाद बियार, अमन सोनी, पंच संतोष राठौर, राजू राठौर, विद्यालय स्टॉफ में मंच संचालिका श्रीमती गीता देवी हिमधर सहित कई शिक्षक मंच पर मौजूद रहे।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता केवल उनके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे गांव के लिए गर्व की बात है। ऐसे प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने से अन्य बच्चों में भी बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा पैदा होती है।
ग्रामीणों ने बढ़ाया बच्चों का उत्साह !
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों और अभिभावकों ने भी सम्मानित छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। मेधावी विद्यार्थियों को सम्मान मिलने से समारोह में मौजूद अन्य स्कूली बच्चों में भी आगे बेहतर प्रदर्शन करने का उत्साह दिखाई दिया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के माध्यम से जहां ग्रामीणों ने राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना व्यक्त की, वहीं प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित कर शिक्षा और मेहनत के महत्व का संदेश भी दिया गया। ग्राम सेवा समिति द्वारा आयोजित सम्मान समारोह की ग्रामीणों ने सराहना की और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को जारी रखने की आवश्यकता जताई।














































































































































