कोरबा (समाचार मित्र) पति पत्नी के रिश्ते में अचानक आए भूचाल से जिले में ऐसी घटना घटी जिसका जिले में चर्चा हो रहा है। सुभाष ब्लाक कालोनी में अंकित सोनवानी 29 वर्ष की मौत के मामले में पुलिस जांच में चाकू लगने की बात सामने आई है। घटना वाले दिन अंकित शराब के नशे में घर पहुंचा था।
इसी दौरान उसका पत्नी प्रिया सोनवानी से विवाद हुआ।
विवाद के बीच पत्नी ने उसके पैर में चाकू मार दिया। चोट लगने के बाद अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और अस्पताल ले जाते समय अंकित ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने पत्नी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

घटना कुछ दिन पहले की है। अंकित घर के कमरे में खून से लथपथ मिला था। स्वजन ने उसे एसईसीएल के विभागीय अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे निजी अस्पताल ले जाने की सलाह दी। स्वजन उसे लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद मानिकपुर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की।
शराब पीकर आने के बाद हुआ था विवाद
पुलिस की जांच में सामने आया कि अंकित शराब पीकर घर आया था। इसके बाद पत्नी से उसका विवाद हुआ।पुलिस के अनुसार अंकित नशे की हालत में अक्सर घर में विवाद और मारपीट करता था। इसी दौरान गुस्से में पत्नी ने उसके पैर में चाकू मार दिया। चाकू लगने से पैर से काफी खून बहने लगा। पत्नी की चीख-पुकार सुनकर अंकित का छोटा भाई आशीष और अन्य रिश्तेदार मौके पर पहुंचे। अंकित को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी हालत बिगड़ती चली गई।
खून का थक्का बनने में लगता था समय
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के अनुसार चिकित्सकीय जांच में सामने आया कि अंकित को ऐसी बीमारी थी, जिसके कारण उसके शरीर में खून का थक्का बनने में सामान्य से अधिक समय लगता था। पैर में चाकू लगने के बाद इसी वजह से अत्यधिक रक्तस्राव हुआ। उसका रक्तचाप काफी नीचे चला गया और उसकी मौत हो गई।















































































































































