जांजगीर (समाचार मित्र) प्रतिभा किसी आर्थिक परिस्थिति की मोहताज नहीं होती, जरूरत है उसे सही अवसर और मार्गदर्शन देने की। इसी सोच को साकार करते हुए गौरव ग्राम महंत की प्रतिभावान छात्रा संध्या सूर्यवंशी का CGPSC परीक्षा की तैयारी के लिए विजन एकेडमी जांजगीर में प्रवेश कराया गया। इस सराहनीय पहल के लिए विजन एकेडमी जांजगीर के डायरेक्टर डॉ. संजय कुमार ने सहयोगी शिक्षकों एवं समाजसेवियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जी.बी. कॉन्ट्रैक्शन, सीपत के संचालक इंजीनियर गोकुल विर्जसन सहित ग्राम महंत के उत्कृष्ट शिक्षकगण डॉ. महावीर विर्जसन, डॉ. सनत करियारे, डॉ. मनोज प्रधान, सुरेश हंस, कृष्णा हंसराज, के.के. कौशिक , डॉ. मकरम कमलाकर, श्री किशन सूर्यवंशी एवं श्रीमती विनीता प्रधान(संगठन सचिव – केन्द्रीय सूर्यवंशी समाज) उपस्थित रहे।

गरीब एवं प्रतिभावान विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने की पहल
इंजीनियर गोकुल विर्जसन एवं ग्राम के शिक्षक साथियों द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभावान विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर उपलब्ध कराने की यह पहल क्षेत्र में शिक्षा के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी की एक अनूठी मिसाल है।
इससे पूर्व भी शिक्षा सचिव डॉ. मनोज प्रधान एवं शिक्षक साथियों के सहयोग से प्रतिभावान छात्र सुरेश सूर्यवंशी का विजन एकेडमी जांजगीर में प्रवेश कराया जा चुका है। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए समान अवसर उपलब्ध कराना है।
डॉ. संजय कुमार की पुस्तकों का विमोचन
कार्यक्रम के दौरान विजन एकेडमी जांजगीर के डायरेक्टर डॉ. संजय कुमार द्वारा लिखित पुस्तकों — छत्तीसगढ़ संपूर्ण अध्ययन, समसामयिकी तथा भारतीय संविधान एवं राजव्यवस्था — का विमोचन भी किया गया।














































































































































