कोरबा/चांपा (समाचार मित्र) करतला जनपद अध्यक्ष श्रीमती अशोका विश्राम कंवर के मार्गदर्शन में कोथारी एवं पचपेड़ी के किसानों ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर के महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपकर कोथारी माइनर (R.D. 0.6900) पर रेलवे विभाग द्वारा किए गए अवरोध को तत्काल हटाने की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया है कि चांपा नहर से ग्राम कोथारी के R.D. 0.6900 से निकलने वाली कोथारी माइनर का निर्माण ग्राम कोथारी एवं पचपेड़ी की कृषि भूमि की सिंचाई के उद्देश्य से किया गया था। आरोप है कि रेलवे विभाग द्वारा नाली निर्माण के दौरान इस माइनर को अवरुद्ध कर दिया गया, जिससे लगभग 600 से 700 एकड़ कृषि भूमि की सिंचाई प्रभावित हो गई है।
किसानों का कहना है कि पिछले करीब 50 वर्षों से इस माइनर के माध्यम से दोनों गांवों के किसान धान की खेती करते आ रहे हैं। यदि जल्द ही अवरोध नहीं हटाया गया तो सैकड़ों किसानों की फसल प्रभावित होगी और उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।
किसानों ने महाप्रबंधक से मांग की है कि किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए कोथारी माइनर में किए गए अवरोध को अविलंब हटाने के निर्देश दिए जाएं, ताकि सिंचाई व्यवस्था पुनः सुचारु हो सके और किसानों को होने वाली संभावित क्षति से बचाया जा सके। जनपद अध्यक्ष श्रीमती अशोका विश्राम कंवर ने बताया कि मण्डल रेलवे प्रबंधक (DRM) ने किसानों को जल्द कार्यवाही का भरोसा दिलाया है।

