रायपुर (समाचार मित्र) छत्तीसगढ सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल करते हुए 31 IPS अधिकारियों का तबादला किया है। शासन की ओर से जारी आदेश में कई वरिष्ठ अधिकारियों के विभाग और अतिरिक्त प्रभार में बदलाव किया गया है।


1992 बैच के IPS पवन देव को नगरसेना, नागरिक सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाओं का महानिदेशक बनाया गया है। वहीं 1994 बैच के एसआरपी कल्लूरी को छत्तीसगढ़ पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन का प्रबंध संचालक नियुक्त किया गया है।
गुरजिंदर पाल सिंह को महानिदेशक प्रशिक्षण के साथ राज्य पुलिस अकादमी के महानिदेशक की जिम्मेदारी दी गई है। प्रदीप गुप्ता को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (प्रशासन एवं चयन) बनाया गया है।
काबरा को रेल और यातायात का अतिरिक्त प्रभार
1997 बैच के IPS दीपांशु काबरा को उनकी वर्तमान जिम्मेदारियों के साथ अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक रेल और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक यातायात का प्रभार सौंपा गया है।
वहीं विवेकानंद को वर्तमान जिम्मेदारियों के साथ वित्त, योजना एवं प्रबंध का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। अमित कुमार को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक की जिम्मेदारी मिली है।
डॉ. आनंद छाबड़ा को तकनीकी सेवाएं, डायल-112 और दूरसंचार की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कानून व्यवस्था और सुरक्षा में भी बदलाव
पुलिस मुख्यालय में ओमप्रकाश पाल को पुलिस महानिरीक्षक कानून व्यवस्था/सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं अंकित कुमार गर्ग को राज्य न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला के संचालक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
शासन के आदेश के अनुसार सभी अधिकारियों को आगामी आदेश तक नई पदस्थापना पर अस्थायी रूप से पदस्थ किया गया है। इस व्यापक फेरबदल को प्रदेश की पुलिस प्रशासनिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है।

