कोरबा (समाचार मित्र) कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तरदा के मोहल्ला जंगलपारा में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। 9 वर्षीय बालक रोशन कंवर अपने मामा के घर आया हुआ था। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 11 बजे वह अपनी मामी के साथ नहर में नहाने गया था। नहाने के दौरान अचानक वह गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव में बह गया। घटना की सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों के साथ मिलकर बालक की तलाश शुरू कर दी। स्थानीय ग्रामीण भी खोजबीन में जुटे हुए हैं। इधर, मासूम के लापता होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक बच्चे का शव 30 KM दूर बरामद हुआ हैं ।
9 वर्षीय रोशन कंवर अपने परिवार के साथ कचोरा मड़वारानी से कनकी महाशिवरात्रि मेला में शामिल होने मामा के घर आया था। घर में दो भाई हैं, जिनमें रोशन बड़ा बेटा था। मेले की खुशी कुछ ही घंटों में मातम में बदल गई।सुबह करीब 11 बजे रोशन अपनी मामी के साथ नहर में नहाने गया। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव में बह गया। मामी के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक वह लापता हो चुका था।सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस और ग्रामीणों ने तलाश शुरू की। घंटों की खोजबीन के बाद शाम करीब 4 बजे उसका शव पंतोरा थाना क्षेत्र के पास नहर में मिला। बताया जा रहा है कि वह लगभग 30 किलोमीटर दूर बहकर पहुंच गया था। मां क्लीन्द्री बाई और पिता विष्णु कंवर का रो-रोकर बुरा हाल है। घर का बड़ा बेटा खोने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह घटना पूरे इलाके को झकझोर गई है।

