कोरबा/पोड़ी-उपरोड़ा (समाचार मित्र) मौसम विभाग ने कोरबा सहित कई जिलों में अगले 7 दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी दी है। विकासखंड के सिरमिना क्षेत्र में स्थित डौकाबूड़ा डेम के गेट लंबे समय से बंद होने के कारण बारिश के मौसम में आसपास के ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। लगातार हो रही बारिश से डेम के ऊपरी हिस्से में पानी का जलस्तर बढ़ता जा रहा है, जिससे खेतों में जलभराव के साथ ही आसपास के घरों में भी पानी घुसने का खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान डेम में पानी लगातार बढ़ने के बावजूद समय रहते पानी की निकासी नहीं की जा रही है। डेम का बढ़ता पानी आवागमन के रास्तों के लिए भी परेशानी का कारण बन रहा है। इससे ग्रामीणों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक डौकाबूड़ा डेम का निर्माण सिंचाई विभाग द्वारा कराया गया है, लेकिन नियमित निगरानी और रखरखाव के अभाव में व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उनका आरोप है कि बारिश के दौरान जलस्तर की स्थिति देखने के लिए विभागीय अधिकारी और कर्मचारी नियमित रूप से मौके पर नहीं पहुंच रहे हैं।
समय पर पानी की निकासी की मांग
ग्रामीणों ने कहा कि बारिश के दौरान डेम का जलस्तर बढ़ने पर स्थिति की लगातार निगरानी की जानी चाहिए और आवश्यकता के अनुसार गेट खोलकर पानी की निकासी सुनिश्चित करनी चाहिए। ऐसा नहीं होने पर ऊपरी क्षेत्र में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न होने की आशंका है।
ग्रामीणों ने सिंचाई विभाग से डौकाबूड़ा डेम के बंद गेटों की जांच एवं आवश्यक मरम्मत कराने, जलस्तर की नियमित निगरानी करने तथा आवश्यकता के अनुसार पानी की निकासी सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही बारिश के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को क्षेत्र का नियमित निरीक्षण करने की मांग उठाई गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते पानी की निकासी और निगरानी की व्यवस्था नहीं की गई तो आने वाले दिनों में समस्या और गंभीर हो सकती है।

