कोरबा (समाचार मित्र) जनपद पंचायत कोरबा अंतर्गत करोड़ों रुपए की लागत से जल जीवन मिशन योजना के तहत हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के उद्देश्य से बनाई गई पानी टंकी को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पानी टंकी का विधिवत उद्घाटन और उपयोग शुरू होने से पहले ही उसमें लीकेज की समस्या सामने आ गई है।
मामला कोरबा जनपद पंचायत क्षेत्र के ग्राम पंचायत सोलवा का !
ग्रामीणों के मुताबिक, टंकी में लीकेज होने के कारण पानी को सुरक्षित तरीके से संग्रहित करना और घरों तक नियमित रूप से सप्लाई करना मुश्किल हो रहा है। इसके चलते योजना का मूल उद्देश्य ही प्रभावित हो रहा है और ग्रामीणों को अब तक पर्याप्त शुद्ध पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।
ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाते हुए घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल और निर्धारित मानकों की अनदेखी किए जाने की आशंका जताई है। उनका कहना है कि यदि पानी टंकी निर्माण के बाद ही लीकेज होने लगी है, तो निर्माण की गुणवत्ता की तकनीकी जांच कराया जाना आवश्यक है।
जांच और कार्रवाई की जरूरत !
मीडिया के माध्यम से ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से पानी टंकी और पाइपलाइन निर्माण की गुणवत्ता की निष्पक्ष तकनीकी खामियों को निर्माण में उपयोग की गई सामग्री एवं कार्य की मापदंडों के अनुरूप जांच करने तथा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार पर भी नियमानुसार कार्रवाई की मांग कर रहे है।

ग्रामीणों का कहना है कि जल जीवन मिशन जैसी महत्वपूर्ण योजना पर खर्च होने वाली सरकारी राशि का सदुपयोग सुनिश्चित होना चाहिए, ताकि गांव के प्रत्येक परिवार को वास्तव में स्वच्छ पेयजल मिल सके।
अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस मामले में क्या जांच करता है और पानी टंकी की लीकेज की समस्या का स्थायी समाधान कब तक किया जाता है। वही देखना होगा कि क्या घटिया निर्माण करने वाले ठेकेदार के ऊपर भी कोई कार्यवाही करता है या नहीं ?


