कोरबा (समाचार मित्र) कोरबा जिले के हरदीबाजार में 18 सितम्बर शुक्रवार के दिन एसईसीएल के बुलडोजर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को चंद पलों में जमींदोज कर दिया, जिससे इलाके के सैकड़ों मरीजों की उम्मीदों का मलबे में दबना तय हो गया। शुक्रवार सुबह शुरू हुई इस तानाशाही कार्रवाई में न तो दवाइयों को निकालने का वक्त दिया गया और न ही जरूरी दस्तावेजों को, जिससे महत्वपूर्ण फाइलों का मलबे में दफन हो जाना लाजिमी था। हालांकि, अब अस्पताल की सेवाएं हरदीबाजार के पुराने तहसील भवन में शिफ्ट कर दी गई हैं, लेकिन स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा अब भी सातवें आसमान पर है। वे मुआवजे, नौकरी और पुनर्वास की मांग के साथ एसईसीएल के दीपका महाप्रबंधक कार्यालय में ताला जड़कर प्रदर्शन कर रहे हैं।


