मृतका की पहचान सुभाषिनी साव पति बालक राम साव, उम्र करीब 45 वर्ष के रूप में हुई है।
महासमुंद (समाचार मित्र) रविवार रात सुभाषिनी साव खाना खाने के बाद घर के किचन में पोछा लगा रही थी। इसी दौरान पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि पति बालक राम साव ने घर के बाहर खड़े ट्रैक्टर की जैक रॉड उठा ली और पत्नी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
गंभीर चोट लगने से महिला जमीन पर गिरकर बेहोश हो गई और किचन में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर बसना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है
मानसिक रूप से बीमार था पति –
परिजनों के अनुसार आरोपी बालक राम साव की मानसिक स्थिति पिछले कुछ समय से ठीक नहीं थी। उसका पिछले *डेढ़ साल से रायपुर में इलाज चल रहा था। मानसिक स्थिति बिगड़ने पर वह कई बार पत्नी के साथ मारपीट करने पर उतारू हो जाता था।
परिजनों ने बताया कि वह कभी-कभी पत्नी को फावड़ा (रांपा) – कुदारी से मारने की बात भी कहता था। इसी आशंका के चलते परिवार ने सभी कृषि उपकरणों को एक कमरे में ताला लगाकर रखा था, लेकिन रविवार को ट्रैक्टर की जैक रॉड बाहर ही रह गई और वही हत्या का कारण बन गई।
बसना पुलिस मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आरोपी पति को हिरासत में लिए जाने की बात कही गई है।


