छत्तीसगढ़ (समाचार मित्र) छत्तीसगढ़ के इस जिले में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब बच्चों से भरी एक स्कूल बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। हादसे के बाद बस में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई। घटना में कई बच्चों के घायल होने की जानकारी सामने आई है, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार बेमेतरा जिले में मौजूद ज्ञानोदय पब्लिक स्कूल की बस क्रमांक CG 25 A 0218 करीब 17 से 18 बच्चों को लेकर जा रही थी। इसी दौरान सिंघपुर-झाल मार्ग पर खड़सरा और झाल के बीच बस अचानक अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और ड्राइवर-कंडक्टर की मदद से बस में फंसे बच्चों को बाहर निकाला। इसके बाद घायल बच्चों को उपचार के लिए निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
घटना के बाद बच्चों के परिजनों में भी चिंता का माहौल है। वहीं हादसे ने स्कूल बसों की सुरक्षा व्यवस्था और वाहनों की निगरानी को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।

