बिलासपुर/रायपुर छत्तीसगढ़ (समाचार मित्र) मिठाई दुकानों पर बड़ी कार्रवाई: 117 किलो सामग्री जब्त-नष्ट, दो फर्मों के लाइसेंस/पंजीयन को निलंबित कर दिया है। त्योहारी सीजन से पहले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर बिलासपुर जिले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। ‘बने खाबो, बने रहिबो 2.0’ अभियान के तहत 7 दिनों तक चले विशेष अभियान में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने 19 फर्मों का निरीक्षण किया और कुल 19 नमूने लिए, जिनमें 15 विधिक एवं 4 निगरानी नमूने शामिल हैं।
अभियान के दौरान विभिन्न दुकानों से 117 किलोग्राम मिठाई/खाद्य सामग्री जब्त कर नष्ट कराई गई। वहीं अस्वास्थ्यकर एवं अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य पदार्थों का निर्माण करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान मेसर्स पवन ट्रेडर्स, व्यापार विहार से 102 किलोग्राम श्री बर्फी-मिक्स जब्त कर प्रकरण तैयार किया गया। वहीं मेसर्स श्रीराम स्वीट्स, नगपुरा, सिरगिट्टी से करीब 15 किलोग्राम बर्फी नष्ट कराई गई।
अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य पदार्थों का निर्माण पाए जाने पर श्रीराम स्वीट्स का लाइसेंस तत्काल निलंबित किया गया। इसी तरह मेसर्स प्रबल फूड प्रोडक्ट, दुमानी, मस्तूरी का पंजीयन निलंबित कर प्रतिष्ठान बंद कराया गया। इसके अलावा 14 अगस्त को मद्रासी रेस्टोरेंट, बिलासपुर का लाइसेंस भी निलंबित किया गया था।
कलेक्टर संजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में चलाए गए अभियान के तहत नागरिकों से खाद्य सामग्री खरीदते समय लेबल पढ़ने, अत्यधिक रंगीन खाद्य पदार्थों से बचने और स्वच्छ वातावरण में रखी खाद्य सामग्री खरीदने की अपील की गई है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि अभियान समाप्त होने के बाद भी त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर निरीक्षण एवं कार्रवाई जारी रहेगी।

