बड़ी ख़बर : आबकारी अधिकारियों को बनाया बंधक, ड्राइवर की ग्रामीणों ने कर दी पिटाई, उरगा पुलिस ने किया बीच बचाव !

कोरबा/उरगा (समाचार मित्र) उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में आज शाम को जमकर बवाल हो गया। मामला आबकारी विभाग से जुड़ा है। आबकारी विभाग के अधिकारियों को ग्रामीणों ने बंधक बना लिया वही एक वाहन चालक जिसपर ग्रामीणों से शराब बिक्री के नाम पर अवैध राशि वसूलने का आरोप लगाकर सैकड़ों ग्रामीणों ने जमकर पिटाई शुरू कर दी। उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पहरीपारा (भैसमा) में आबकारी विभाग के वाहन चालक पर ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि आबकारी विभाग से सांठ गांठ कर मुखबिरी करता है उक्त आरोपों के आधार पर ग्रामीणों ने अकेला पाकर ड्राइवर को घेर लिया तथा सैकड़ों की संख्या में सड़क पर एकत्रित ग्रामीणों ने हल्ला मचाया और वाहन चालक को घेरकर पीट दिया। वहीं आबकारी विभाग के वाहनों को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। उरगा पुलिस को सूचना मिलते हीं थाना प्रभारी राजेश तिवारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस दलबल मौके पर पहुंच गई। काफी मेहनत से ग्रामीणों को शांत कराकर बीचबचाव किया जिसके बाद पुलिस ने ग्रामीणों की भीड़ पर काबू पाया और वाहन चालक को मौके से बचाकर ले गई।

















































