Korba

KORBA : किसानों को मिल रही सुविधाएं, केंद्रों में लौटी रौनक, किसानों की समस्याओं का हो रहा समाधान !

कोरबा (समाचार मित्र) किसान हित को देखते हुए हड़ताल से वापस आए छत्तीसगढ़ सहकारी समिति कर्मचारी संघ ने अपने अपने केंद्रों में फिर से मोर्चा संभाल लिया है। प्रदेश में समर्थन मूल्य में धान खरीदी की शुभारंभ के साथ ही किसानों में धान विक्रय को लेकर उत्साह का वातावरण है। इसी उत्साह को नई दिशा देते हुए जिले के करतला विकासखंड के रामपुर के रहने वाले मेहनतकश किसान विनय सिंह राठिया सहित अन्य किसानों ने पारदर्शी धान खरीदी व्यवस्था का पूरा लाभ उठाया और अपनी मेहनत का उचित मूल्य प्राप्त किया।

किसानों की समस्याओं का हो रहा निराकरण !

किसानों ने बताया कि उनकी समस्याओं का निराकरण केंद्रों में किया जा रहा है। रकबा में सुधार से लेकर फौत हो चुके वारिसान पंजीयन में किसी प्रकार से कोई समस्या अब उन्हें नहीं हो रहा है।

इस खरीफ वर्ष 2025-26 में कृषक विनय सिंह ने सहकारी समिति रामपुर में धान खरीदी शुरुआत के पहले ही दिन अपनी उपज का 100 क्विंटल धान का सफलतापूर्वक विक्रय किया। वे बताते हैं कि खरीदी केंद्र पर तौल प्रक्रिया पारदर्शी और त्वरित है। समिति के कर्मचारियों का सहयोग, साफ-सुथरी व्यवस्था और किसानों के लिए उपलब्ध सभी आवश्यक सुविधाएँ उन्हें अत्यंत संतोषजनक लगीं। इससे न केवल समय की बचत हुई, बल्कि उनकी मेहनत का अधिकारपूर्वक मूल्य भी सुनिश्चित हुआ। उन्होंने हर्ष व्यक्त करते हुए बताया सरकार द्वारा निर्धारित 3100 प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य तथा प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी की व्यवस्था ने उनकी आय में सीधा सकारात्मक प्रभाव डाला है। आर्थिक स्थिरता मिलने से वे अपनी अगली फसल की तैयारी और परिवार की जरूरतों को बेहतर ढंग से पूरा कर पा रहे हैं। किसान विनय सिंह मानते हैं कि प्रदेश की यह नई, आधुनिक और पारदर्शी धान खरीदी प्रक्रिया वास्तव में किसानों के लिए समृद्धि का मार्ग खोल रही है। तकनीक के उपयोग और सुव्यवस्थित प्रबंधन ने किसानों की परेशानियों को काफी हद तक कम किया है और उनकी आय को सुरक्षित बनाया है।

Nimesh Kumar Rathore

Chief Editor, Mob. 7587031310
Back to top button
error: Content is protected !!