अडानी कोरबा पावर लिमिटेड के विस्तार परियोजना का यूका नेता ने जताया विरोध, जनसुनवाई पर रोक लगाने की मांग

कोरबा (समाचार मित्र) जिले के ग्राम पताडी में अडानी कोरबा पावर लिमिटेड के विस्तार परियोजना के लिए होने वाली जनसुनवाई पर रोक लगाने के लिए युवा कांग्रेस नेता पवन विश्वकर्मा ने जिलाधीश को आवेदन दिया है। उनका मानना है की 2011 से अभी तक कंपनी प्रबंधन ने जितने किसानों की भूमि का अधिग्रहण किया था उनको स्थाई नौकरी नहीं दे पाई है, इस स्थिति में विस्तार करना जन आक्रोश को बढ़ावा देगा, इसलिए उन्होंने जिलाधीश से पावर प्रोजेक्ट के विस्तार पर होने वाली जन सुनवाई पर रोक लगाने की मांग की है, इसके लिए उन्होंने 15 बिंदु के साथ कलेक्टर को ज्ञापन सौंप कर जनसुनवाई पर रोक लगाने की मांग की है।
युवा कांग्रेस नेता पवन विश्वकर्मा ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंप कर पताडी स्थित अडानी कोरबा पावर लिमटेट के प्लांट विस्तार परियोजना का विरोध जताया है । यूका नेता श्री विश्वकर्मा ने 27 फरवरी को प्रस्तावित जनसुनवाई पर रोक लगाने की मांग की है।
कलेक्टर को जारी ज्ञापन में श्री विश्वकर्मा ने उल्लेख किया है कि 1700 एकड़ जमीन अधिग्रहण के बाद भी भू विस्थापितों को स्थाई रोज़गार उपलब्ध नहीं कराया गया है। भू विस्थापित नौकरी के लिए भटकने मजबूर है। संयंत्र से उत्सर्जित राख और केमिकल से आस पास के प्रभावित किसानों की फसल बर्बाद हो रही हैं साथ ही जमीन की उर्वरता क्षमता भी नष्ट हो रही हैं। संयंत्र से प्रभावित स्थानीय बेरोजगारों को आउट सोर्सिग के जरिए रोजगार उपलब्ध कराने के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया है। 800 मेगावाट क्षमता वाली इकाई क्रमांक 5 और 6 के विस्तारीकरण के पूर्व ही विस्तार संयंत्र का जाम शुरू कर दिया गया है जो सवालो को जन्म दे रहा है। सवाल उठना लाजिमी है कि संयंत्र विस्तार के लिए प्रक्रिया पूरी किए बिना कम कैसे शुरू किया जा सकता है? युका नेता पवन विश्वकर्मा ने कहा है कि बिना स्थानीय ग्रामीणों की सहमति के किसी प्रकार का विस्तार ना किया जाए।
















































