
कोरबा (समाचार मित्र) हाईटेक अपराधों के बढ़ते दौर में अब ऊर्जाधानी कोरबा में साइबर थाने की नींव रखी गई है. बुधवार को सीएम विष्णु देव साय ने कोरबा जिले के सिविल लाइन थाना के ठीक बगल में साइबर थाना का वर्चुअल उद्घाटन किया. अब तक इसी भवन में साइबर सेल का संचालन किया जा रहा था. लेकिन अब यह सर्वसुविधा युक्त साइबर थाने का रूप ले लेगा.
सायबर अपराधियों पर कसेगा शिकंजा !
इसके बाद साइबर से जुड़े अपराधों पर नकेल कसने के लिए जिले की पुलिस के पास अधिक संसाधन मौजूद होंगे. इस अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग मंत्री और कोरबा के लोकल विधायक लखनलाल देवांगन मौजूद रहे. कोरबा जिले के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित पूरा पुलिस महकमा भी साइबर थाना के उद्घाटन का साक्षी बना.
साइबर अपराध से जुड़े मामलों को सुलझाने के लिए साइबर थाना मील का पत्थर साबित होगा. वर्तमान दौर में ठग हाईटेक हो रहे हैं. जबकि पुलिस उनसे काफी पीछे मालूम पड़ती है. आईटी एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई करने में पुलिस कई बार असहाय हो जाती है.

इससे पहले कोरबा जिले में अब तक साइबर सेल का संचालन किया जा रहा था. जहां एक एसआई स्तर के पुलिसकर्मी को इस सेल का प्रभार सौंपा गया था. अब आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई के लिए एक निरीक्षक की पदस्थापना यहां की जा सकेगी. इसके साथ ही बैंक खातों से राशि की ठगी हो या फिर सोशल मीडिया से जुड़े अपराध. इन सभी पर त्वरित कार्रवाई के लिए साइबर थाने को एक पूरी टीम मिलेगी. इसके बाद हाईटेक अपराधों पर कार्रवाई करने में आसानी होगी.
















































