छत्तीसगढ़ (समाचार मित्र) सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सोन नदी के पुल से कुछ बच्चों द्वारा नदी में छलांग लगाने का वीडियो वायरल हुआ। पुलिस महानिरीक्षक, बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग ने उक्त वीडियो का तत्काल संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक, गौरेला पेंड्रा मरवाही मनोज कुमार खिलारी को संबंधित बच्चों एवं उनके अभिभावकों को समझाइश देने तथा भविष्य में ऐसी जोखिमपूर्ण गतिविधियों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, जीपीएम ने चौकी प्रभारी सिवनी को निर्देशित किया कि वे ग्राम चिजगोहना पहुंचकर वीडियो में नदी में छलांग लगाते दिखाई दे रहे बच्चों एवं उनके अभिभावकों को समझाइश दें। साथ ही, ग्रामीणों को भी ऐसी जानलेवा गतिविधियों से बच्चों को दूर रखने के लिए जागरूक करें।
निर्देशों के पालन में चौकी प्रभारी सिवनी के नेतृत्व में पुलिस टीम ग्राम चिजगोहना पहुंची और संबंधित बच्चों एवं उनके माता-पिता को ग्राम सरपंच की उपस्थिति में समझाइश दी। बच्चों को पुल से नदी में छलांग लगाने जैसी जोखिमपूर्ण गतिविधियों से उत्पन्न होने वाले जान-माल के गंभीर खतरे से अवगत कराया गया तथा भविष्य में ऐसी गतिविधि नहीं करने की स्पष्ट हिदायत दी गई।
पुलिस द्वारा बच्चों के अभिभावकों को भी समझाइश देते हुए कहा गया कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखें और उन्हें अन्य जोखिमपूर्ण स्थानों पर जाने से रोकें। साथ ही, ग्राम सरपंच एवं ग्राम कोटवार को निर्देशित किया गया कि गांव में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। यदि कोई बच्चा या अन्य व्यक्ति पुल से नदी में छलांग लगाते अथवा ऐसी किसी जोखिमपूर्ण गतिविधि में संलिप्त पाया जाता है, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए।
पुलिस अधीक्षक, जीपीएम ने जिलेवासियों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने अथवा मनोरंजन के उद्देश्य से जान जोखिम में डालने वाली गतिविधियों का अनुकरण न करें। विशेष रूप से अभिभावक अपने बच्चों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखें और ऐसी गतिविधिधियों से दूर रखें।

