
कोरबा/करतला (समाचार मित्र) कोरबा जिला मुख्यालय सहित जनपद पंचायत कार्यालयों में हर्षोल्लास के साथ 77वाँ गणतंत्र दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। जनपद पंचायत करतला कार्यालय में जनपद अध्यक्ष श्रीमती अशोक विश्राम कंवर कंवर के मुख्य आतिथ्य में ध्वजारोहण किया गया। मुख्यकार्यपालन अधिकारी वैभव कौशिक, जनपद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, RES विभाग, मनरेगा विभाग, जनपद के कर्मचारीगण सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं विभागीय कर्मचारियों ने तिरंगे को सलामी दी तथा भारत के गौरवपूर्वक 77वें गणतंत्र दिवस की सभी को शुभकामनाएं दी।

बाबा साहब के सपनों का लोकतंत्र स्थापित करना हमारा कर्तव्य : जनपद अध्यक्ष श्रीमती अशोक विश्राम कंवर
जनपद पंचायत करतला अध्यक्ष श्रीमती अशोक विश्राम कंवर ने सभी क्षेत्रवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि बाबा साहब भीमराव अंबेडकर द्वारा भारत का संविधान बनाया गया गया जिसकी अध्यक्षता डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने की थी। संविधान सभा ने 2 साल 11 महीने और 18 दिन में संविधान का निर्माण किया था। भारत का संविधान देश के नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है, जो उनके अधिकारों और सरकार के कामकाज के नियमों को परिभाषित करता है। यह देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने के लिए आवश्यक है, भारत का संविधान देश का सर्वोच्च कानून है। उन्होंने अपने क्षेत्रवासियों से आपसी भाईचारा और विश्वास के साथ विकास के लिए कार्य करने पर बल दिया।















































