BREAKING NEWS: अहमदाबाद से लंदन के लिए रवाना हुई एयर इंडिया की फ्लाइट दुर्घटनाग्रस्त, 133 यात्रियों की मौत, गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री भी थे सवार।

देश (समाचार मित्र) गुरुवार दोपहर अहमदाबाद से लंदन के लिए रवाना हुई एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 एक बड़े हादसे का शिकार हो गई। अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरने के महज 5 मिनट बाद यह विमान शहर के मेघाणी नगर इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
विमान में 242 लोग सवार थे, जिनमें से अब तक 133 यात्रियों के मारे जाने की पुष्टि DGCA की ओर से की गई है।
यह विमान B787 ड्रीमलाइनर था, जो अहमदाबाद से लंदन के गैटविक एयरपोर्ट के लिए रवाना हुआ था। विमान ने दोपहर 1:38 बजे उड़ान भरी थी और कुछ ही मिनटों में एयरपोर्ट से कुछ दूरी पर घनी आबादी वाले इलाके में क्रैश हो गया।
विजय रूपाणी भी थे इस फ्लाइट में सवार।
इस हादसे के बाद एक चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी इस फ्लाइट में सवार थे। लंदन निवासी नितिन भारद्वाज, जो रूपाणी के करीबी माने जाते हैं, ने बताया कि वह अपनी बेटी से मिलने लंदन जा रहे थे। बताया गया कि रूपाणी की सीट संख्या 12 थी।
क्रैश के बाद मचा हड़कंप।
हादसे के बाद इलाके में भारी अफरा-तफरी मच गई। विमान में आग लग गई और घटनास्थल से घना काला धुआं उठता देखा गया। दमकल की गाड़ियाँ, पुलिस, और राहत दल तुरंत मौके पर पहुंच गए। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया है।